पलामू में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 की मतगणना शुरू, कड़ी सुरक्षा के बीच पारदर्शी प्रक्रिया |

पलामू जिले में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत आज मतगणना प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो गई। राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जीएलए कॉलेज के बहुउद्देश्यीय परीक्षा भवन में सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से प्रारंभ हुई।जिले के अंतर्गत आने वाले सभी नगर निकायों—मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद नगर पंचायत, हरिहरगंज नगर पंचायत एवं छतरपुर नगर पंचायत—के सभी मतदान केंद्रों पर डाले गए मतों की गणना एक ही परिसर में की जा रही है।
79 टेबल पर 14 राउंड में होगी मतगणना
पलामू जिले में कुल 79 टेबल बनाए गए हैं, जहां निर्धारित राउंड के अनुसार मतगणना संपन्न की जा रही है। सभी नगर निकायों की मतगणना कुल 14 राउंड में पूरी कराई जानी है।
मेदिनीनगर नगर निगम (वर्ग ख): 27 टेबल, 5 राउंड
विश्रामपुर नगर परिषद (वर्ग ख): 13 टेबल, 3 राउंड
हुसैनाबाद नगर पंचायत: 15 टेबल, 2 राउंड
हरिहरगंज नगर पंचायत: 12 टेबल, 2 राउंड
छतरपुर नगर पंचायत: 12 टेबल, 2 राउंड

प्रत्येक राउंड की समाप्ति के बाद आधिकारिक रूप से परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रथम राउंड का परिणाम सुबह 11 बजे तक आने की संभावना जताई गई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, दो-स्तरीय निगरानी
मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परिसर में प्रवेश से पूर्व सभी पदाधिकारी, कर्मी एवं अधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पत्र/पास की गहन जांच की जा रही है। साथ ही ज्वलनशील पदार्थ, तरल पदार्थ, माचिस, चाकू, हथियार, मोबाइल, सिगरेट, गुटखा, पान आदि प्रतिबंधित वस्तुओं की जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। मतगणना कार्यों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी की जा रही है। पूरे परिसर एवं मतगणना कक्षों में गतिविधियों पर सूक्ष्म नजर रखी जा रही है, ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।

100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू
मतगणना को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा बहुउद्देश्यीय परीक्षा भवन के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है।

अपुष्ट सूचनाओं से बचने की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त समीरा एस. एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आमजन एवं मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि मतगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना का प्रकाशन या प्रसारण न करें।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक राउंड के बाद आधिकारिक परिणाम उपलब्ध कराए जाएंगे। किसी भी सूचना को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य कर ली जाए।पलामू में नगर निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पारदर्शिता व निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।




