स्वास्थ्य
Trending

भय के साए में मेदिनीनगर चुनाव? मेयर प्रत्याशी का आरोप—संगठित अपराधी सक्रिय, बूथों पर केंद्रीय बल जरूरी, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन |

मेदिनीनगर (पलामू ) | प्रतिनिधिनगर निगम चुनाव 2026 के मतदान (23 फरवरी 2026) से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजनीतिक हलकों में चिंता गहराती दिख रही है। मेयर पद के प्रत्याशी के० एन० त्रिपाठी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, मेदिनीनगर को ज्ञापन सौंपकर प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्रीय बल की तैनाती और उम्मीदवारों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया है कि मतदान से पूर्व नगर निगम क्षेत्र में संगठित आपराधिक तत्व सक्रिय हैं, जो कथित तौर पर हथियारों के साथ राजनीतिक रूप से सक्रिय व्यक्तियों के घरों पर जाकर उन्हें घर से बाहर न निकलने की धमकी दे रहे हैं। इससे नगर क्षेत्र में भय का वातावरण व्याप्त है और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव (Free and Fair Election) पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।

सीआरपीएफ तैनाती और सीसीटीवी की मांग |

ज्ञापन में विशेष रूप से प्रत्येक बूथ पर Central Reserve Police Force (सीआरपीएफ) के जवानों की तैनाती की मांग की गई है। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने तथा अति-संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

के० एन० त्रिपाठी ने यह भी मांग की है कि— नगर क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाए।मेयर एवं वार्ड पार्षद उम्मीदवारों को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराया जाए।अति-संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जाए।ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, पलामू को भी भेजी गई है।

इन बूथों को बताया अति-संवेदनशील |

ज्ञापन में जिन बूथों को अति-संवेदनशील बताया गया है, उनमें प्रमुख रूप से वार्ड संख्या 2, 3, 4, 5 और 6 के विभिन्न भाग शामिल हैं। इनमें उ०म० विद्यालय पोखराहा खुर्द, बहलोलवा, कचरवा टोला, निमिया, जनता शिवरात्रि मध्य विद्यालय, बारालोटा, हरिजन टोला बारालोटा तथा सखुवनटांड (ग्राम सुदना) स्थित विद्यालयों के विभिन्न भाग शामिल हैं।

भयमुक्त मतदान की मांग |

ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थिति में मतदाताओं में भय का माहौल है। यदि समय रहते सख्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसलिए प्रशासन से अपील की गई है कि शहरवासियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस इस मांग पर क्या निर्णय लेते हैं और नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए क्या अतिरिक्त कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button