झारखंड के चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड में राजकीय इटखोरी महोत्सव के दौरान हुई एक घटना का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में इटखोरी की अंचल अधिकारी सह मजिस्ट्रेट सविता सिंह एक युवक को डंडे से मारते हुए उसे गाड़ी में बैठाने की कोशिश करती नजर आ रही हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि घटना के पीछे की पूरी जानकारी सामने आने के बाद मामला कुछ अलग ही नजर आ रहा है।मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 20 फरवरी को राजकीय इटखोरी महोत्सव के दूसरे दिन की है। उस दिन अंचल अधिकारी सह मजिस्ट्रेट सविता सिंह मंदिर परिसर में आयोजित महोत्सव के दौरान विधि-व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात थीं और सरकारी कार्य में लगी हुई थीं।
बताया जाता है कि इसी दौरान एक वाहन से आए कुछ युवकों ने कथित रूप से वहां खड़ी सरकारी गाड़ी को टक्कर मार दी और मौके पर हंगामा करने लगे। आरोप है कि युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने गन्ने के रस में शराब मिलाकर पी रखी थी। इसके बाद महोत्सव पास को लेकर युवकों ने अंचल अधिकारी से उलझना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों ने बहस के दौरान अंचल अधिकारी की ओर गिलास भी फेंक दिया। जब गाड़ी में बैठे चौकीदार ने युवकों को समझाने की कोशिश की तो नशे में धुत युवकों ने उससे भी बहस और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। स्थिति को बिगड़ता देख अंचल अधिकारी सविता सिंह खुद गाड़ी से उतरकर युवकों को समझाने और मामला शांत कराने की कोशिश करने लगीं।
लेकिन नशे में होने के कारण युवक लगातार हंगामा करते रहे और अंचल अधिकारी के साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने मजिस्ट्रेट के साथ बदसलूकी करते हुए उन पर हमला करने की कोशिश भी की। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अंचल अधिकारी ने युवक को थाने ले जाने का निर्णय लिया।
जब युवक को गाड़ी में बैठाने की कोशिश की गई तो वह बैठने के लिए तैयार नहीं हो रहा था और लगातार हंगामा कर रहा था। इसी दौरान गुस्से में आकर अंचल अधिकारी ने युवक को डंडे से मारते हुए उसे गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। यह पूरी घटना वहां मौजूद कई लोगों के सामने हुई, जिसमें दर्जनों लोग मौजूद थे।
घटना के बाद अंचल अधिकारी द्वारा थाना में लिखित आवेदन दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए इटखोरी के नितेश दांगी और हेमंत लाल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तीनों युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बदसलूकी की थी, जिसके कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।
फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से कहा गया है कि महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई थी।















